Chandauli News: पुलिस लाइन में गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिसकर्मियों ने ली सत्य और स्वच्छता की शपथ.
“गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर चंदौली पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने महापुरुषों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और पुलिसकर्मियों को सत्य, अहिंसा, राष्ट्रीय एकता व स्वच्छता की शपथ दिलाई। 26 पुलिसकर्मियों को सेवा पदक से सम्मानित किया गया।”
chandauli
2:30 PM, Oct 2, 2026
Share:


महात्मा गांधी और राघव शास्त्री को सलामी देते अपर पुलिस अधीक्षक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को चंदौली पुलिस लाइन परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) विक्रम दहिया ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा आसपास स्वच्छता रखने की शपथ दिलाई। पुलिस लाइन परिसर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाईकर्मियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए विक्रम दहिया ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सर्वधर्म समभाव और महिला-पुरुष समानता के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को याद करते हुए पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ जनसेवा करने की अपील की।
विज्ञापन
इस अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्रदान किए गए 18 पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक और 8 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने प्रदान कर सम्मानित किया।पुलिस लाइन के अलावा जिले के सभी थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे के संदेश के साथ हुआ।


