Chandauli News: महाशिवरात्रि पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा जागेश्वर नाथ का जलाभिषेक.
"मंदिर परिसर में ‘खोया-पाया केंद्र’ की स्थापना से भटके लोगों को परिजनों से मिलाने में मदद मिली। कड़ी सुरक्षा, प्रशासनिक सजगता और सुव्यवस्थित प्रबंधन के बीच बाबा जागेश्वर नाथ धाम में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और शांति के साथ संपन्न हुआ।"
chandauli
11:01 PM, Feb 15, 2026
Share:


स्वयंभू शिवलिंग 1008 बाबा जागेश्वर नाथ के गर्भ गृह में जलाभिषेक करते श्रद्धालु
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, (चंदौली).
चंदौली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हेतिमपुर स्थित बाबा जागेश्वर नाथ धाम में रविवार को भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सूर्योदय से पहले ही मंदिर परिसर और मुख्य मार्गों पर दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लग गईं। शाम तक अनुमानित दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस की ओर से इस वर्ष विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन अलग-अलग गेटों से प्रवेश और निकास की व्यवस्था रही। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं, जिससे दर्शन प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रही। मंदिर से करीब 200 मीटर तक लाइन लगी रही, लेकिन समुचित प्रबंधन के कारण कहीं भी अव्यवस्था नहीं हुई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। चकिया इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर निगरानी करते रहे। आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों का प्रवेश रोका गया तथा यातायात को डायवर्ट कर नियंत्रित ढंग से संचालित किया गया। मंदिर परिसर और आसपास सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाती रही।
नदी किनारे किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ टीम को भी अलर्ट रखा गया था। एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। चकिया-अहरौरा मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती से आवागमन प्रभावित नहीं हुआ। मेले में झूले, चार्ट और विभिन्न मनोरंजन साधनों के साथ खान-पान की दुकानों पर भी भीड़ उमड़ी। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मंदिर परिसर में ‘खोया-पाया केंद्र’ की स्थापना से भटके लोगों को परिजनों से मिलाने में मदद मिली। कड़ी सुरक्षा, प्रशासनिक सजगता और सुव्यवस्थित प्रबंधन के बीच बाबा जागेश्वर नाथ धाम में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और शांति के साथ संपन्न हुआ।
