Chandauli News: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर ढोल-नगाड़ों के साथ युवाओं का जश्न, मिठाई बाँटकर मनाई खुशी.
“केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद चंदौली में प्रदर्शनकारी युवाओं ने जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए युवाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और इसे छात्र-युवाओं के संघर्ष की जीत बताया।”
chandauli
5:54 PM, Jul 25, 2026
Share:


बाबा साहब का पोस्टर लेकर जश्न मनाते युवक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद डीडीयू नगर के चकिया मोड़ तिराहे में छात्र-युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। 24 घंटे पहले मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले युवाओं ने पीडीडीयू नगर क्षेत्र में समाजवादी विचारधारा के पूर्व विधायक स्वर्गीय गंजी प्रसाद की प्रतिमा के नीचे ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान युवाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, नारे लगाए और इसे लोकतंत्र तथा छात्र आंदोलन की जीत बताया। पूर्व सपा सांसद रामकिशुन यादव ने भी मौके पर पहुंचकर युवाओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि यह जीत छात्रों और नौजवानों के लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं के आंदोलन के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने मांग की कि आंदोलन के दौरान जिन छात्रों की मौत हुई, उनके परिजनों को ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए तथा दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाली सभी प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी एवं पेपर लीक से मुक्त हों, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
विज्ञापन
छात्र नेता अंकित यादव ने कहा कि 36 दिनों तक चले आंदोलन और देशभर के युवाओं के दबाव के बाद यह सफलता मिली है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि अब सरकार को परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाना चाहिए। साथ ही नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और भविष्य में किसी भी परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग दोहराई।
