Chandauli News: बोरा संकट से ठप धान खरीद, किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी.
"इस संबंध में महेसुआ क्रय केंद्र प्रभारी भूपेश सागर ने बताया कि धान खरीद का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है, लेकिन बोरा की कमी बनी हुई है। जल्द ही बोरा उपलब्ध होने पर समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।"
chandauli
10:29 PM, Feb 4, 2026
Share:


सकलडीहा क्रय केंद्र पर बोरा के अभाव में धान खरीद की समस्या
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। शासन की ओर से धान खरीद का लक्ष्य सभी क्रय केंद्रों को निर्धारित किया गया है, लेकिन बोरा (सैक) की कमी के कारण सकलडीहा क्षेत्र के कई क्रय केंद्रों पर खरीद व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बोरा उपलब्ध न होने से धान की खरीद डंप पड़ी हुई है, जिससे किसान और राइस मिलर दोनों परेशान हैं। आरोप है कि समस्या के बावजूद विभागीय अधिकारी स्थिति से अनजान बने हुए हैं।
सकलडीहा विकास खंड के सकलडीहा कस्बा, नईबाजार, महेसुआ और रानेपुर में दो-दो क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र को 20-20 हजार कुंतल धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों का दावा है कि सकलडीहा और नईबाजार में लगभग 38-38 हजार कुंतल धान की खरीद पूरी कर ली गई है, जबकि रानेपुर में लक्ष्य से अधिक खरीद होने की बात कही जा रही है।
विज्ञापन
हालांकि किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्रों और राइस मिलरों के यहां बोरा नहीं होने का हवाला देकर किसानों से सीधी खरीद नहीं की जा रही, जबकि बिचौलियों के माध्यम से धान की खरीद जारी है। किसानों का यह भी कहना है कि विभागीय जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। नईबाजार महेसुआ क्रय केंद्र प्रभारी पर बिचौलियों से सांठ-गांठ कर लक्ष्य पूरा करने का आरोप लगाया गया है। किसानों का कहना है कि वे मजबूरी में औने-पौने दाम पर धान बेचने को विवश हैं। समस्या का समाधान न होने पर किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
