Chandauli News: जिले में 2 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, जिले में बनाए गए 147 क्रय केंद्र, 2441 रुपये मिलेगा समर्थन मूल्य.
“चंदौली में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 147 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2 नवंबर से किसानों का धान खरीदा जाएगा। इस बार फार्मर रजिस्ट्री और किसान पंजीकरण को अनिवार्य किया गया है।”
chandauli
9:52 PM, Oct 31, 2026
Share:


जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इसके लिए प्रशासन ने जिले के अलग-अलग विकासखंडों में कुल 147 क्रय केंद्र बनाए हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के अनुमोदन के बाद खरीद केंद्रों का निर्धारण कर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्रय केंद्रों पर धान खरीद का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसके अलावा सफाई और छनाई के मद में किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल की धनराशि भी दी जाएगी।
विकासखंडवार केंद्रों की बात करें तो बरहनी में 32, चकिया में 23, चंदौली सदर में 22, सकलडीहा में 18, धानापुर में 15, शहाबगंज में 13, चहनियां में 11, नियामताबाद में 7 और नौगढ़ में 6 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। ये केंद्र खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम और मंडी समिति के माध्यम से संचालित होंगे। इस बार धान खरीद में फार्मर रजिस्ट्री को विशेष महत्व दिया गया है। किसानों से मुख्य रूप से फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही धान खरीदा जाएगा। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, उन्हें खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। वहीं, जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में सभी गाटे दर्ज नहीं हैं, उन्हें समय रहते उन्हें जुड़वाने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
धान की खरीद 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगी। किसान अपनी उपज बेचने का क्रम निर्धारित कराने के लिए संबंधित क्रय केंद्र पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री या पंजीकरण का विवरण देकर नाम दर्ज करा सकते हैं। एक नवंबर को रविवार का अवकाश होने के कारण यह प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू होगी। खरीद व्यवस्था की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है। प्रशासन ने क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए हैं। किसी केंद्र पर अनियमितता या लापरवाही मिलने पर केंद्र प्रभारी के साथ संबंधित संस्था के जिला प्रबंधक की भी जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि वे धान बिक्री से पहले अपनी फार्मर रजिस्ट्री और पंजीकरण की स्थिति जरूर जांच लें।


