Chandauli News: दोस्त को स्टेशन छोड़कर लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत, ताल में गिरी बाइक.
"ग्रामीणों के अनुसार गोविंद कुमार बेहद मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक थे, जिसके कारण गांव में हर कोई उन्हें पसंद करता था।"
chandauli
12:08 AM, May 21, 2026
Share:


मृतक गोविंद कुमार कि फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर-सकलडीहा मुख्य मार्ग पर गुरेहूं गांव के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्त को डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहा था, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर ताल में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार बभनियाव गांव निवासी 28 वर्षीय गोविंद कुमार अपने एक दोस्त को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। देर रात बाइक से वापस घर लौटते समय गुरेहूं गांव के समीप उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे ताल में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल ताल में उतरकर युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने गोविंद कुमार को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि 18 मई को ही मृतक की बहन की शादी संपन्न हुई थी। परिवार में शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे घर को गम में डुबो दिया। गोविंद शादी में आए अपने दोस्त को स्टेशन छोड़ने गए थे। मृतक के परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। जवान बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार गोविंद कुमार बेहद मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक थे, जिसके कारण गांव में हर कोई उन्हें पसंद करता था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
