Chandauli News: कर्मनाशा नदी में मगरमच्छ दिखने से दहशत, तटवर्ती गांवों में अलर्ट.
“चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र में कर्मनाशा नदी में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन को सूचना देकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर अन्य स्थान पर भेजने की मांग की है।”
chandauli
11:57 AM, Jul 24, 2026
Share:


कर्मनाशा नदी में करता मगरमच्छ लाल घेरे में
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के चारी गांव के समीप कर्मनाशा नदी में शुक्रवार सुबह एक बड़े मगरमच्छ के दिखाई देने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। नदी किनारे बसे उत्तर प्रदेश के नौबतपुर, चारी, चिरईगांव तथा बिहार के कैमूर जिले के खजुरा, कर्मनाशा, लरमा, जमुर्नी सहित कई गांवों के लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर दूसरे स्थान पर भेजने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना तत्काल प्रशासन और वन विभाग को दे दी गई है। हालांकि अब तक मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई नहीं होने से लोगों में चिंता बनी हुई है। नदी किनारे रहने वाले अधिकांश ग्रामीण प्रतिदिन स्नान, कपड़े धोने, पशुओं को पानी पिलाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए नदी का उपयोग करते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
विज्ञापन
स्थानीय समाजसेवीयों ने तटवर्ती गांवों के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन की ओर से स्थिति पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं की जाती, तब तक लोग नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों को अकेले नदी के पास न भेजें और पशुओं को भी नदी में पानी पिलाने से बचें। यदि किसी को दोबारा मगरमच्छ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।



