Chandauli News: नामित अधिकारियों संग फोटो अनिवार्य, तभी मतदाता सूची में जुड़ेगा नाम.
"सकलडीहा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि पहले परिवार के किसी एक सदस्य द्वारा साक्ष्य देने पर नाम जोड़ा जा रहा था, लेकिन अब निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रत्येक मतदाता को स्वयं उपस्थित होकर प्रमाण पत्रों के साथ फोटो सत्यापन कराना अनिवार्य कर दिया गया है।"
chandauli
9:15 PM, Jan 21, 2026
Share:


नो-मैपिंग प्रक्रिया के तहत तहसील सभागार में मतदाताओं के साथ फोटो खिंचवाते नामित अधिकारी, एसडीएम व तहसीलदार
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद हटाए गए मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया अब और सख्त हो गई है। नो-मैपिंग श्रेणी में आए मतदाताओं को अब नामित अधिकारियों के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के साथ फोटो खिंचवाना अनिवार्य कर दिया गया है। यह प्रक्रिया 21 से 24 जनवरी तक चलेगी।
एसआईआर के बाद सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में कुल 54 हजार 470 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें 25 हजार 201 मतदाता नो-मैपिंग के अंतर्गत चिन्हित किए गए हैं, जिनके पते या अन्य विवरण का सत्यापन नहीं हो सका था। ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर तहसील सभागार में बुलाया जा रहा है।
बुधवार को पहले दिन 21 सौ मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन पूरे दिन में महज करीब 200 मतदाता ही प्रमाण पत्रों के साथ पहुंच सके और नामित अधिकारियों के समक्ष फोटो खिंचवाकर सत्यापन करा पाए। इससे प्रक्रिया की धीमी रफ्तार को लेकर मतदाताओं में चिंता देखी गई।
विज्ञापन
आंकड़ों के अनुसार, हटाए गए नामों में 11 हजार 565 अनुपस्थित मतदाता, 10 हजार 108 मृतक मतदाता, 24 हजार 910 स्थानांतरित मतदाता, 6 हजार 777 दोहरे नाम और 1 हजार 110 अन्य कारणों से चिन्हित मतदाता शामिल हैं। संशोधन के बाद शेष 2 लाख 89 हजार 55 मतदाताओं की सूची प्रकाशित की गई है।
सकलडीहा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि पहले परिवार के किसी एक सदस्य द्वारा साक्ष्य देने पर नाम जोड़ा जा रहा था, लेकिन अब निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रत्येक मतदाता को स्वयं उपस्थित होकर प्रमाण पत्रों के साथ फोटो सत्यापन कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इसी के बाद नाम मतदाता सूची में अग्रसारित किया जाएगा।
