Chandauli News: गेस्ट हाउस में संदिग्ध मौत के बाद पुलिस अलर्ट, मुगलसराय में चला सघन चेकिंग अभियान.
"सीओ अरुण सिंह ने स्पष्ट किया कि यह अभियान एहतियातन चलाया जा रहा है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।"
chandauli
9:37 PM, Feb 7, 2026
Share:


मुगलसराय में होटल में जांच करते सीओ और मुग़लसराय कोतवाल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धर्मशाला इलाके में एक गेस्ट हाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मुगलसराय पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
मुग़लसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह और एएचटी प्रभारी निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मुगलसराय क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन, होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, धर्मशाला और गेस्ट हाउसों में जांच अभियान में जुटे रहे। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जिस गेस्ट हाउस में व्यक्ति की मौत हुई थी, वहां एक ही आईडी पर तीन लोग ठहरे हुए थे, जिसे लेकर पुलिस ने जानकारी जुटाई।
विज्ञापन
चेकिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर ने होटल व गेस्ट हाउस संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि बिना वैध पहचान पत्र (आईडी) के किसी भी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए। साथ ही ठहरने वाले हर व्यक्ति का पूरा नाम, पता और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य बताया गया। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के ठहरने की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी आपराधिक घटना को रोका जा सके।
इसके अलावा होटल व गेस्ट हाउस में कार्यरत कर्मचारियों का भी पुलिस वेरिफिकेशन कराने पर जोर दिया गया। वहीं आमजन से भी अपील की गई कि वे मकान किराए पर देते समय पूरी सावधानी बरतें और किराएदार का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।
