Chandauli News: सहजौर फायरिंग कांड में मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अवैध पिस्टल बरामद.
"पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। बरामद असलहे और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
chandauli
6:56 PM, Mar 2, 2026
Share:


पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते पुलिस अधीक्षक, गिरफ्त में आरोपी.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव में 28 फरवरी की रात हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को अवैध पिस्टल और बुलेट मोटरसाइकिल के साथ दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहजौर निवासी सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ चुन्नू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसे भीखपुर-रौना रोड अंडरपास के पास से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक घटना की शुरुआत चाय की दुकान पर मामूली कहासुनी से हुई थी। आरोप है कि बहस के बाद आरोपी ने अवैध असलहे से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से पांच लोग घायल हुए, जिनमें चार को गंभीर हालत में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। अब सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
विज्ञापन
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रास्ते में तेज रफ्तार से बाइक आने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट हुई। आरोप है कि इसके बाद वह अपने ट्यूबवेल से असलहा लाकर फायरिंग करने लगा और फिर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। इस बार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। बरामद असलहे और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
