Chandauli News: नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग कराने वाले ढाबा संचालकों पर पुलिस का शिकंजा, 20 संचालकों पर मुकदमा.
"चंदौली पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने, अवैध पार्किंग को बढ़ावा देने और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।"
chandauli
5:23 PM, Jul 7, 2026
Share:


दर्ज मुकदमे में शामिल वाहन चालक और ढाबा संचालक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चंदौली पुलिस ने अवैध पार्किंग कराने वाले ढाबा और होटल संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व में नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर 20 ढाबा एवं होटल संचालकों तथा 5 वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 12 अभियोग दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पाया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित कई ढाबा और होटल संचालक मुख्य सड़क पर ही वाहनों की पार्किंग करा रहे थे। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था। पहले सभी संचालकों को नोटिस देकर मुख्य मार्ग पर वाहन न खड़ा कराने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
कार्रवाई के तहत सदर कोतवाली क्षेत्र में 6 ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध 3 अभियोग दर्ज किए गए। थाना सैयदराजा में 3 ढाबा एवं होटल संचालकों के साथ 5 वाहन चालकों पर 3 मुकदमे दर्ज हुए। थाना अलीनगर में 8 ढाबा एवं होटल संचालकों के खिलाफ 5 अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि थाना मुगलसराय क्षेत्र में 3 ढाबा एवं होटल संचालकों पर 1 मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
