Chandauli News: बिना नम्बर की पिकअप से पुलिस ने मुक्त कराये 13 गोवंश, एक तस्कर को तमंचे सहित किया गिरफ्तार.
"बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार की सुबह बलुआ तिराहा स्थित ग्राम सराय के पास से एक संदिग्ध बिना नंबर की पिकअप से क्रूरता पूर्वक बांधकर रखे 13 जीवित गोवंश को मुक्त कराया। पिकअप सवार जिले के धीना थाना के सिसौरा गांव निवासी सोनू यादव को गिरफ्तार किया गया। तस्कर के पास से तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए"
chandauli
5:34 PM, Oct 11, 2025
Share:


बलुआ पुलिस की गिरफ्त में तमंचे सहित गोवंश तस्कर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों और गौ-तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गौ-तस्कर को गिरफ्तार कर 13 जीवित गोवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक बिना नम्बर की पिकअप, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और नगद धनराशि बरामद की है। यह कार्रवाई बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित सिंह, चौकी प्रभारी मारूफपुर और उनके साथियों की टीम ने की। टीम ने शुक्रवार की सुबह बलुआ तिराहा स्थित ग्राम सराय के पास से एक संदिग्ध बिना नम्बर की पिकअप को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में क्रूरतापूर्वक बंधे हुए 13 जीवित गोवंश पाए गए। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम सोनू यादव पुत्र कमलेश यादव निवासी ग्राम सिसौरा थाना धीना, जनपद चंदौली (उम्र 25 वर्ष) बताया।
विज्ञापन
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसकी पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन, ₹370 नगद, एक 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में सोनू यादव ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ आसपास के गांवों से गोवंश खरीदकर इकट्ठा करता है और उन्हें बिहार ले जाकर वध के लिए ऊंचे दामों पर बेच देता है। इसी अवैध कमाई से वह विलासितापूर्ण जीवन व्यतीत करता है। थाना बलुआ में उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन और गोवंश को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उपनिरीक्षक अमित सिंह, उपनिरीक्षक राजेश सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, कांस्टेबल शिशिर यादव, रोहित यादव, रमेश चौहान शामिल रहे।



