Chandauli News : कंटेनर की टक्कर से पुलिस वाहन के उड़े परखच्चे, कोतवाल समेत चार पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे.
“चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र में कंटेनर रोकने के दौरान चालक पुलिस वाहन को टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे में कोतवाल समेत चार पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। पीछा करते हुए पुलिस ने कंटेनर को नौबतपुर बॉर्डर के पास पकड़ लिया, लेकिन चालक और अन्य सवार भाग निकले। जांच में कंटेनर के अंदर कंबल मिले हैं, कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।”
chandauli
8:52 PM, Oct 15, 2026
Share:


क्षतिग्रस्त सकलडीहा थाने की सरकारी गाड़ी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : - पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली पुलिस बुधवार देर रात कंटेनर रोकने के प्रयास में हादसे का शिकार हो गई। पुलिस को कंटेनर में गांजा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाल भूपेंद्र निषाद हमराही आनंद यादव, प्रश्विन दूबे और सतीश के साथ सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर वाहन रोकने का प्रयास करने लगे। कंटेनर चालक नहीं रुका तो पुलिस ने पीछा किया। भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बृजनंदनी स्कूल के समीप तेज रफ्तार कंटेनर ने पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी और चंदौली की ओर भाग निकला। टक्कर से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और कोतवाल समेत चार पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।
पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद पुलिस वाहन सड़क किनारे पड़ी बालू में फंस गया, जिससे उसकी रफ्तार धीमी हुई। इसके बाद वाहन पुलिया से टकराया, लेकिन पलटने से बच गया। सकलडीहा पुलिस की सूचना पर चंदौली और सैयदराजा पुलिस ने कंटेनर की घेराबंदी की। नौबतपुर बॉर्डर के पास कंटेनर को पकड़ लिया गया, लेकिन चालक और उसके साथ मौजूद लोग रात का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने कंटेनर कब्जे में लेकर जांच की तो उसमें कंबल भरे मिले। कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
विज्ञापन
सीओ सदर नामेंद्र कुमार ने बताया कि सकलडीहा पुलिस की सूचना पर अन्य थानों की मदद से कंटेनर को नौबतपुर बॉर्डर के पास पकड़ लिया गया। वाहन में कंबल मिले हैं और कोई अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। फरार चालक और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


