Chandauli News: डीआरएम के नेतृत्व में स्वच्छ भारत दिवस पर निकली प्रभात फेरी, पौधारोपण के साथ अभियान का समापन.
“स्वच्छ भारत दिवस पर डीडीयू मंडल में स्वच्छता को लेकर कई कार्यक्रम हुए। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। प्रभात फेरी निकालने के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन भी हुआ।”
chandauli
2:34 PM, Oct 2, 2026
Share:


रेलवे कॉलोनी में सफाई के प्रति लोगों को जागरुक करते डीआरएम उदय सिंह मीणा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर चंदौली.
चंदौली। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को स्वच्छ भारत दिवस के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाकले जिमखाना प्रांगण में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
रेल कर्मियों ने स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने, हर साल 100 घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान करने और स्वयं गंदगी न करने तथा दूसरों को भी रोकने का संकल्प लिया। इसके बाद बाकले जिमखाना से प्रभात फेरी निकाली गई, जो यूरोपियन कॉलोनी और रोजा कॉलोनी होते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंची और एससीएडीए भवन में समाप्त हुई। प्रभात फेरी में रेल अधिकारी, कर्मचारी और स्काउट-गाइड के सदस्य शामिल रहे। एससीएडीए भवन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और ऑटो स्टैंड का निरीक्षण किया तथा सफाई मित्रों, यात्रियों और ऑटो चालकों से स्वच्छता को लेकर फीडबैक लिया।
विज्ञापन
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सिग्नेचर कैंपेन भी आयोजित हुआ। उदय सिंह मीना ने कहा कि स्वच्छता के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने यात्रियों और आमजन से रेल परिसर व ट्रेनों में गंदगी नहीं फैलाने और कूड़ेदान का इस्तेमाल करने की अपील की। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों, कचरा संवेदनशील स्थलों, स्टेशनों और रेल परिसरों में सफाई के साथ कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक निषेध और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां हुईं। 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर अभियान का समापन किया गया।


