Chandauli News: ब्लैकआउट में युद्ध जैसे हालात का अभ्यास, NDRF से लेकर स्कूली छात्रों ने लिया हिस्सा.
"जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आमजन को आपात परिस्थितियों में सतर्कता, समन्वय और राहत-बचाव की प्रक्रिया से अवगत कराना है, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।"
chandauli
10:49 AM, Jan 24, 2026
Share:


दुश्मन देश के बमबारी के दौरान घरों में लगी आग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। उत्तर प्रदेश दिवस 2026 और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में एक साथ ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जनपद चंदौली के डीडीयू नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय मानसनगर परिसर में युद्ध जैसे हालात का प्रदर्शन करते हुए व्यापक मॉक ड्रिल कराई गई।
मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा कंट्रोल रूम से पहले पीला संकेत और फिर लाल संकेत जारी किया गया। सायरन बजते ही पूरे क्षेत्र की बिजली काट दी गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास कराया गया। इसके बाद फाइटर प्लेन और बमबारी के दृश्य दिखाकर आगजनी, भवन ध्वस्तीकरण और जनहानि की स्थिति को प्रदर्शित किया गया। राहत एवं बचाव कार्य में एनडीआरएफ, पुलिस, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, एनसीसी, स्काउट-गाइड और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भूमिका रही। अग्निशमन विभाग ने फायर टेंडर से आग पर काबू पाया, वहीं प्राथमिक चिकित्सा टीमों ने घायलों को उपचार देकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
एनडीआरएफ ने ध्वस्त इमारतों से घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। मॉक ड्रिल के दौरान राज्यसभा सांसद साधना सिंह, जिलाधिकारी एवं चीफ नियंत्रक सिविल डिफेंस चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद ने कहा कि ऐसे मॉक ड्रिल केवल शहरी नहीं बल्कि ग्रामीण स्तर पर भी आयोजित होने चाहिए, ताकि आपात और युद्ध जैसे हालात में आमजन खुद को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने इस विषय को प्रदेश शासन तक पहुंचाने की बात कही।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आमजन को आपात परिस्थितियों में सतर्कता, समन्वय और राहत-बचाव की प्रक्रिया से अवगत कराना है, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके। इस दौरान एसडीएम अनुपम मिश्रा, सीओ अरुण सिंह सहित प्रशासनिक व नागरिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।



