Chandauli News: प्रधान पुत्र ने खुद को मारी गोली, ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत; परिवार में मचा कोहराम.
“शहाबगंज क्षेत्र के उदयपुरा गांव में गुरुवार सुबह ग्राम प्रधान के पुत्र ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि आत्मघाती कदम उठाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।”
chandauli
4:31 PM, Aug 27, 2026
Share:


मृतक उत्कर्ष सिंह की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : रतीश कुमार, शहाबगंज चंदौली.
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़िहिरा ग्राम पंचायत अंतर्गत उदयपुरा गांव में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम प्रधान के पुत्र उत्कर्ष सिंह (30) ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गोली सीने के बाईं ओर लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में उसे लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उत्कर्ष की मौत हो गई।
उत्कर्ष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी छाया सिंह (28) का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के करीब छह वर्षीय पुत्री देवकी सिंह और डेढ़ वर्षीय पुत्र राम भी पिता की मौत से बेसुध हैं। घटना के बाद गांव में भी शोक और मातम का माहौल है। मृतक उत्कर्ष सिंह की मां इंदु देवी सिंह वर्तमान में किड़िहिरा ग्राम पंचायत की प्रधान हैं, जबकि उनके पिता प्रताप नारायण उर्फ अशोक सिंह पूर्व प्रधान रह चुके हैं। परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।
विज्ञापन
उत्कर्ष ने आखिर यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि आत्मघाती कदम के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
