Chandauli News: निजी अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, निजी अस्पताल सील.
"नौगढ़ एसडीएम विकास मित्तल, CO नागेंद्र कुमार और एडीशनल सीएमओ ने अस्पताल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच के बाद प्रशासन ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया और घटना की जांच के आदेश दिए हैं"
chandauli
6:22 PM, Oct 26, 2025
Share:


आशीर्वाद अस्पताल के बाहर मृत प्रसूता रोते बिलखते परिजन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। नौगढ़ क्षेत्र के बाघी कस्बे में स्थित एक निजी अस्पताल में नौ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई और हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के लोगों ने मामले को शांत कराया और निजी अस्पताल को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रेशमा (26) पत्नी रुस्तम, निवासी सेरवा जनपद मिर्जापुर, अपने मायके भेसौड़ा गांव में रह रही थी। वह नौ माह की गर्भवती थी। शुक्रवार देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे नौगढ़ बाघी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिए।
विज्ञापन
परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में महिला के शरीर में खून की अत्यधिक कमी थी, बावजूद इसके सही उपचार नहीं किया गया। इलाज के दौरान रेशमा और गर्भ में पल रहे शिशु दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। लगभग 100 से अधिक ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और न्याय की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख नौगढ़ थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया।
सूचना पर पहुंचे नौगढ़ एसडीएम विकास मित्तल, CO नागेंद्र कुमार और एडीशनल सीएमओ ने अस्पताल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच के बाद प्रशासन ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।



