Chandauli News: बाबा किनाराम जन्मोत्सव की तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा.
"बाबा किनाराम जन्मोत्सव में इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 10 से 12 सितंबर तक होने वाले आयोजन को लेकर डीएम-एसपी ने कमान संभाल ली है। सुरक्षा से लेकर पार्किंग और यातायात तक की व्यवस्था का खाका तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।"
chandauli
12:55 PM, Aug 15, 2026
Share:


बाबा किनाराम जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर जायजा लेते जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग व पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। अघोर परंपरा के महान संत बाबा किनाराम जी के जन्मोत्सव समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक की और आयोजन स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बाबा किनाराम जन्मोत्सव का आयोजन 10 से 12 सितंबर 2026 तक होना है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाएं समय से पूरी करने को कहा गया। मेला क्षेत्र में पानी के टैंकर, अस्थायी शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और मोबाइल मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने मेला क्षेत्र में 24 घंटे शिफ्टवार सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और आयोजन से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
वहीं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मेला क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, महिला पुलिसकर्मियों और सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अलग-अलग पार्किंग स्थल और यातायात रूट प्लान तैयार किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का जोर आयोजन के दौरान वाहनों की सुचारू आवाजाही और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही पर रहेगा। बैठक और निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, बाबा किनाराम मठ समिति के सेवादार और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
