Chandauli News: प्रधान पति व सहायक अध्यापक ने बच्चों के 15 दिन के मिड डे मील पर डाला डाका.
"उप जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित सभी शिक्षकों को तत्काल अनुपस्थित घोषित करते हुए सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर दोषी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।"
chandauli
10:28 AM, Jan 28, 2026
Share:


सहायक अध्यापक से रजिस्टर के संबंध में पूछताछ करते एसडीम नौगढ़ विकास मित्तल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: लक्ष्मीकांत, नौगढ़,(चंदौली).
चंदौली। तहसील नौगढ़ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सेमरिया में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। सरकारी दावों और ज़मीनी हकीकत के बीच का अंतर उस वक्त उजागर हो गया, जब उप जिलाधिकारी नौगढ़ विकास मित्तल ने ग्रामीणों की शिकायत पर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल छह शिक्षकों की तैनाती के बावजूद केवल एक सहायक अध्यापक अखिलेश सिंह ही उपस्थित पाए गए। शेष तीन शिक्षा मित्र संतोष, शिवानन्द और चन्द्रशेखर तथा दो सहायक अध्यापक संतोष यादव और चन्दन कुमार सिंह बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। विद्यालय में दर्ज 58 छात्रों के मुकाबले मौके पर केवल 13 बच्चों की उपस्थिति ने पढ़ाई की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए।
विज्ञापन
हालात यहीं तक सीमित नहीं रहे। जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय में पिछले 15 दिनों से मध्याह्न भोजन योजना पूरी तरह ठप है। इससे सरकारी योजनाओं की निगरानी व्यवस्था और बच्चों के पोषण अधिकारों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है, खासकर उन बच्चों के लिए जो स्कूल के भोजन पर निर्भर रहते हैं। उप जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित सभी शिक्षकों को तत्काल अनुपस्थित घोषित करते हुए सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर दोषी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसी लापरवाहियों पर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो सरकारी स्कूल केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे और बच्चों का भविष्य प्रभावित होता रहेगा। यह मामला न सिर्फ एक विद्यालय की, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।



