Chandauli News: गड़ई नदी खुदाई में भेदभाव और सड़क चौड़ीकरण पर उठे सवाल, पूर्व सांसद रामकिशुन ने साधा निशाना.
"रामकिशुन ने कहा कि बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए केवल राहत चौकियां स्थापित करना पर्याप्त नहीं है। नदी की गहराई बढ़ाने और तटबंधों को मजबूत करने जैसे स्थायी उपायों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका आरोप था कि बाढ़ नियंत्रण के नाम पर होने वाले कार्य अपेक्षित गति और गुणवत्ता से नहीं किए जा रहे हैं।"
chandauli
7:21 PM, Jun 5, 2026
Share:


प्रेस वार्ता के दौरान अपनी बात कहते पूर्व सपा सांसद रामकिशुन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, (चंदौली).
चंदौली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद रामकिशुन ने गड़ई नदी की खुदाई और डीडीयू नगर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान को लेकर शासन-प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गुरुवार को मानसनगर स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के नाम पर किसानों और व्यापारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
पूर्व सांसद ने कहा कि गड़ई नदी की खुदाई के मामले में चंदौली के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका दावा था कि मिर्जापुर जिले में नदी की खुदाई के लिए कई मशीनें लगाई गई हैं, जबकि चंदौली में सीमित संसाधनों से कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में बरसात शुरू होने से पहले खुदाई का कार्य पूरा होना मुश्किल दिखाई देता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खुदाई कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। रामकिशुन ने कहा कि बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए केवल राहत चौकियां स्थापित करना पर्याप्त नहीं है। नदी की गहराई बढ़ाने और तटबंधों को मजबूत करने जैसे स्थायी उपायों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका आरोप था कि बाढ़ नियंत्रण के नाम पर होने वाले कार्य अपेक्षित गति और गुणवत्ता से नहीं किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
डीडीयू नगर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर भी उन्होंने प्रशासनिक एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि अतिक्रमण हटाने या सड़क विस्तार के कारण व्यापारियों को प्रभावित किया जा रहा है, तो उनके पुनर्वास की भी समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नगर निकाय की भूमिका पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव, जिला पंचायत सदस्य मुलायम सिंह यादव, प्रेमनाथ तिवारी समेत समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
