Chandauli News: दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है रेलिंग विहीन पुलिया.
"ग्रामीणों का कहना है कि रेलिंग विहीन पुलिया मौत को आमंत्रण देने जैसा है। अगर समय रहते इसे दुरुस्त नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने चेताया कि शीघ्र रेलिंग बनाकर पुलिया को सुरक्षित नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे"
chandauli
8:39 PM, Sep 8, 2025
Share:


डेहरी कलां गांव जाने वाले मार्ग पर सिंचाई विभाग द्वारा बनाई गई रेलिंग विहीन पुलिया
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया तहसील.
चंदौली। शहाबगंज विकासखंड के डेहरी कलां गांव जाने वाले मार्ग पर सिंचाई विभाग द्वारा पिछले महीने पुलिया का निर्माण तो पूरा कर दिया गया। लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़े जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। पुलिया निर्माण के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेलिंग बनाए बिना उसे छोड़ दिया गया है, जिसके कारण आवागमन करने वाले राहगीरों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बता दें कि बेन धरौली जाने वाले मार्ग पर स्थित खेतों की सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति बेन रजवाहा से की जाती है। रजवाहा के ऊपर डेहरी कलां गांव को जाने वाले मार्ग के बीच पुलिया का निर्माण किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पुलिया से बराबर गांव के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन रेलिंग न होने के कारण जरा सी चूक होने पर बड़ी दुर्घटना हो सकती है। बारिश होने पर फिसलन के चलते खतरा और अधिक बढ़ जाता है। बावजूद इस गंभीर समस्या की तरफ किसी ने आज तक ध्यान नहीं दिया। श्यामनारायण चौबे, गोरखनाथ चौबे, विजय चौहान, रमेश राम आदि ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में मानक की अनदेखी करके बनाई गई है। रेलिंग न बनाए जाने पर कई बार अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस ओर ध्यान दिलाया गया, लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलिंग विहीन पुलिया मौत को आमंत्रण देने जैसा है। अगर समय रहते इसे दुरुस्त नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने चेताया कि शीघ्र रेलिंग बनाकर पुलिया को सुरक्षित नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। इस संबंध में सिंचाई विभाग के एसडीओ राकेश तिवारी ने बताया कि जल्द रेलिंग बनाकर आवागमन सुरक्षित कराया जाएगा।
विज्ञापन


