Chandauli News: जीटीआर रेलवे ब्रिज पर क्षतिग्रस्त पटिया से नीचे गिरे रेल अधिकारी, हालत गंभीर.
“मुगलसराय के जीटीआर रेलवे ब्रिज पर गुरुवार की देर शाम बड़ा हादसा हो गया। ड्यूटी पर जा रहे डिप्टी एसएस संतोष कुमार पांडेय क्षतिग्रस्त पटिया के कारण पुल से नीचे रेलवे लाइन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेरिटेज अस्पताल रेफर किया गया है।”
chandauli
7:05 PM, Oct 30, 2026
Share:


मंडल अस्पताल में कर्मचारियों को लेकर पहुंचे साथी कर्मचारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटीआर रेलवे ब्रिज पर गुरुवार की देर शाम करीब छह बजे एक गंभीर हादसा हो गया। पुल पर क्षतिग्रस्त पटिया के कारण ड्यूटी पर जा रहे रेल अधिकारी नीचे रेलवे लाइन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अधिकारी की पहचान आरआरआई डीडीयू में तैनात डिप्टी एसएस संतोष कुमार पांडेय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में उनके सिर, छाती और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार पांडेय इंडियन इंस्टीट्यूट आवास से पैदल ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जीटीआर ब्रिज पर पटिया हटने और क्षतिग्रस्त होने के कारण अंधेरे में उन्हें स्थिति दिखाई नहीं दी और वह पुल से नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरे। घटना के बाद पहुंचे रेलकर्मियों ने उन्हें अचेत अवस्था में उठाकर मंडल रेल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेरिटेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उनके परिवार के सदस्य और रेलकर्मी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
हादसे की जानकारी मिलते ही अक्षय प्रताप सिंह, एसएस-1 संजय कुमार सिंह, एसएस-2 संजय सिंह, सीवाईएम नरेंद्र सिंह, मनोज कुमार चौधरी, विनायक पांडेय, अनूप सिंह और मोइनुद्दीन सहित अन्य रेलकर्मियों ने तत्काल मदद की। रेल कर्मचारियों का कहना है कि जीटीआर ब्रिज पर पटिया क्षतिग्रस्त होने की समस्या अक्सर बनी रहती है, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। कर्मचारियों ने पुल की नियमित जांच कराने और क्षतिग्रस्त पटियों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।



