Chandauli News: छठ के बाद दक्षिण भारत लौटने वालों को रेलवे की सौगात, गया-चेन्नई के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, डीडीयू में भी ठहराव.
“छठ महापर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गया से चेन्नई के बीच एकतरफा पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। 17 नवंबर को रवाना होने वाली यह ट्रेन डीडीयू मंडल के चार प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा में राहत मिलेगी।”
chandauli
8:43 AM, Nov 12, 2026
Share:


डीडीयू जंक्शन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। छठ महापर्व के बाद अपने कामकाज पर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए गया जंक्शन से चेन्नई के बीच एकतरफा पूजा स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी। इससे बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को दक्षिण भारत की ओर लौटने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 03689 गया जंक्शन-चेन्नई सुपरफास्ट एकतरफा पूजा स्पेशल 17 नवंबर 2026, मंगलवार को गया जंक्शन से सुबह 5:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन 18 नवंबर, बुधवार को शाम 4:20 बजे चेन्नई पहुंचेगी। 21 कोचों वाली इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की अलग-अलग श्रेणियों की सुविधा का ध्यान रखा गया है। इसमें दिव्यांगजन अनुकूल सुविधा वाले दो द्वितीय श्रेणी सह सामान एवं ब्रेकयान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, 11 शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
विज्ञापन
डीडीयू मंडल के अंतर्गत इस ट्रेन का ठहराव डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और डीडीयू जंक्शन पर निर्धारित किया गया है। समय सारिणी के अनुसार ट्रेन डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर सुबह 6:27 बजे, सासाराम में 6:48 बजे और भभुआ रोड में 7:18 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सुबह 8:23 बजे डीडीयू जंक्शन पहुंचेगी और सात मिनट के ठहराव के बाद 8:30 बजे चेन्नई के लिए रवाना हो जाएगी। रेलवे के इस निर्णय से छठ पर्व के बाद दक्षिण भारत लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। खासकर डीडीयू मंडल के यात्रियों को इस पूजा स्पेशल ट्रेन से राहत मिलने की उम्मीद है।


