Chandauli News: केंद्रीय बजट से रेलवे को मिली नई रफ्तार, डीडीयू मंडल में विकास कार्य होंगे तेज.
"डीडीयू रेल मंडल क्षेत्र में 63,470 करोड़ रुपये के रेल प्रोजेक्ट स्वीकृत एवं प्रगति पर हैं, जिन्हें इस बजट से नई गति मिलेगी।"
chandauli
10:14 PM, Feb 2, 2026
Share:


प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते डीआरएम उदय सिंह मीणा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू,डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट में रेलवे के विकास को प्राथमिकता दी गई है। इसी क्रम में सोमवार को डीडीयू मंडल के सभागार में रेल बजट को लेकर समीक्षा और चर्चा की गई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने पत्रकारों को बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारतीय रेल को कुल 2 लाख 78 हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश के लिए 20,012 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 92,000 करोड़ रुपये तथा डीडीयू मंडल क्षेत्र में 63,470 करोड़ रुपये के रेल प्रोजेक्ट स्वीकृत एवं प्रगति पर हैं, जिन्हें इस बजट से नई गति मिलेगी।
डीआरएम ने कहा कि इस आवंटन से रेल संरक्षा, आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को और तेज किया जाएगा। डीडीयू मंडल को मिलने वाले बजट से मंडल क्षेत्र में रेल विकास को मजबूती मिलेगी। गया जंक्शन के बड़े पैमाने पर पुनर्निर्माण के साथ-साथ चंदौली मझवार, दुर्गावती, कुदरा, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, रफीगंज, गुरारु, बिक्रमगंज, पीरो, नबी नगर, जपला, मोहम्मद गंज और हैदर नगर सहित 15 स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्यों को गति मिलेगी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि रेल संरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर आधुनिक सिगनलिंग प्रणाली, ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग, टक्कर रोधी ‘कवच’ सिस्टम, ट्रैक नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा क्षमता वृद्धि के कार्य लगातार जारी हैं। बजट में किए गए प्रावधानों से डीडीयू मंडल उन्नत रेल प्रणाली और बेहतर यात्री सुविधाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। इस मौके पर एडीआरएम दिलीप कुमार, डीसीएम/पीआरओ विश्वनाथ, एसीएम मनीष कुमार सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
