Chandauli News: बारिश बनी आफत, तहसील से DIET तक जलमग्न, सात दिन से पानी में डूबे मार्ग.
“चंदौली के सकलडीहा में लगातार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। तहसील, डायट, बिजली उपकेंद्र और प्रमुख मार्गों पर पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई दुकानों और सरकारी परिसरों में भी बारिश का पानी पहुंच गया है।”
chandauli
8:50 PM, Sep 2, 2026
Share:


डायट प्राचार्य कक्ष सहित परिसर पानी से जलमग्न बरसात की पानी से डायट पर भींगी परीक्षा कापी को हटाते कर्मी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। सकलडीहा में पिछले एक सप्ताह से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तहसील मार्ग से लेकर कोतवाली मार्ग और कई सरकारी परिसरों में पानी भर गया है। लोगों के घरों और खेतों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पानी निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
सकलडीहा इंटर कॉलेज से तहसील, पीजी कॉलेज और बिजली कार्यालय जाने वाला मार्ग पिछले कई दिनों से पानी में डूबा है। कोतवाली मार्ग, सम्मे माता मंदिर मार्ग और नागेपुर सचिवालय जाने वाले रास्ते पर भी भारी जलभराव है। तहसील परिसर और अधिवक्ताओं के चैंबर तक पानी पहुंच गया है। डायट परिसर और प्राचार्य कक्ष भी जलभराव की चपेट में है। यहां परीक्षा के लिए रखी कुछ कापियां भी बारिश के पानी से भीग गईं। वहीं सकलडीहा के परिषदीय विद्यालय में पानी भरा होने के कारण छुट्टी के बाद बच्चों को पानी के बीच से घर लौटना पड़ा।
विज्ञापन
बिजली उपकेंद्र भी पिछले सात दिनों से पानी में घिरा हुआ है। तहसील मार्ग पर जनसेवा केंद्र, पैथोलॉजी और मिठाई समेत कई दुकानों में पानी घुसने से कारोबार प्रभावित है। दुकानदार और जनसेवा केंद्र संचालक इंजन और टुल्लू लगाकर पानी निकालने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी के प्राकृतिक रास्तों को पाटकर प्लॉटिंग और निर्माण किए जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। बाहा और गढ़ई के रास्ते बाधित होने तथा वहां सीवर पाइप लगाए जाने से बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है।
जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बीडीओ और एडीओ पंचायत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उधर, क्षेत्र के बलारपुर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक आशा कार्यकर्ता का मकान भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश से ग्रामीण इलाकों में भी लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।



