Chandauli News:राज्यसभा में सांसद दर्शना सिंह ने बजट 2026 को बताया विकसित भारत की मजबूत नींव.
"अपने भाषण के अंत में दर्शना सिंह ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र इस बजट में साफ दिखाई देता है। यह बजट उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश को आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।"
chandauli
8:19 PM, Feb 10, 2026
Share:


राज्यसभा में बजट पर अपना पक्ष रखती सांसद दर्शना सिंह.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विवेकानंद केसरी.
चंदौली । संसद के बजट सत्र–2026 के दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के आम बजट की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में दूरगामी कदम बताया।
अपने संबोधन में दर्शना सिंह ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला है। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को संतुलित और जनआकांक्षाओं से जुड़ा बताते हुए कहा कि इसमें निवेश, बुनियादी ढांचे और सामाजिक समरसता पर समान रूप से ध्यान दिया गया है। साथ ही वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के योगदान की भी उन्होंने प्रशंसा की।
राज्यसभा सांसद ने उत्तर प्रदेश का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि बजट में किए गए प्रावधान प्रदेश के औद्योगिक, कृषि और आधारभूत ढांचे के विकास को नई रफ्तार देंगे। एक्सप्रेसवे, रेलवे, एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़े प्रावधानों से उत्तर प्रदेश आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि देश के सबसे बड़े राज्य को मजबूत किए बिना विकसित भारत का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन
दर्शना सिंह ने किसानों के लिए बजट में किए गए प्रावधानों की चर्चा करते हुए कहा कि कृषि अवसंरचना, सिंचाई योजनाएं, भंडारण सुविधाएं और कृषि आधारित उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कौशल विकास, स्टार्टअप, एमएसएमई और बुनियादी ढांचे में निवेश से देशभर में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बजट में स्वयं सहायता समूहों, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएंगे।
अपने भाषण के अंत में दर्शना सिंह ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र इस बजट में साफ दिखाई देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश को आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।
