Chandauli News: राज्यसभा सांसद ने चंदौली में एथेनॉल/बायोफ्यूल प्लांट लगाने को लेकर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्रक सौंपा.
धान का कटोरा के नाम से जनपद को मिली है पहचान , एथेनॉल-बायोफ्यूल प्लांट लगने से जिले के किसानों को मिलेगा इसका लाभ,
chandauli
9:30 AM, Aug 6, 2025
Share:


केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्रक देती राज्यसभा सांसद दर्शन सिंह.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विवेकानंद केशरी.
चंदौली। राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चंदौली जनपद में एक अत्याधुनिक एथेनॉल/बायोफ्यूल प्लांट स्थापित करने के संबंध में कृषि मंत्री को पत्रक सौंपा।
दर्शना सिंह ने कृषि मंत्री को बताया कि चंदौली जनपद, जो उत्तर प्रदेश का एक आकांक्षी जिला है, कृषि उत्पादन में समृद्ध होने के बावजूद औद्योगिक और ऊर्जा संसाधनों के मामले में अभी भी अपेक्षाकृत पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कृषि फसलों से उत्पन्न अवशिष्ट पदार्थ जैसे भूसा, शीरा, भूसी, गोबर आदि का यदि वैज्ञानिक तरीके से उपयोग किया जाए तो ये न केवल हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख स्रोत बन सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होंगे।
सांसद दर्शना सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने एथेनॉल उत्पादन की नीति, SATAT योजना और विकसित भारत 2047 जैसे बड़े लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इन योजनाओं को सफल बनाने के लिए चंदौली में एथेनॉल और बायोफ्यूल उत्पादन का प्लांट लगाना आवश्यक है। इस प्लांट में फसलों से बचा हुआ कचरा जैसे भूसा, गोबर आदि से एथेनॉल और बायो-CNG जैसे ईंधन बनाए जाएंगे। इससे किसानों को उनके कचरे का अच्छा मूल्य भी मिलेगा। चंदौली में एथेनॉल प्लांट की स्थापना भी इसी श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि इस परियोजना से चंदौली के किसानों को दोहरा लाभ मिलेगा, एक ओर फसल अपशिष्टों की बिक्री से अतिरिक्त आय, और दूसरी ओर जिले में कृषि-आधारित औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही यह परियोजना पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण एवं सतत ऊर्जा उत्पादन संभव होगा।
विज्ञापन
दर्शना सिंह ने बताया कि इस जनपद के लोगों की आजीविका का मुख्य साधन कृषि है तथा गेहूँ व चावल यहाँ की प्रमुख फसलें हैं। यह क्षेत्र न केवल कृषि में अग्रणी है, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से भी समृद्ध है। जनपद में ‘चन्द्रप्रभा वन्य जीव अभयारण्य’ स्थित है, जो जैविक संरक्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके अतिरिक्त ‘देवदरी’ और ‘राजदरी’ नामक जलप्रपात पर्यावरणीय पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत आकर्षक स्थल हैं।
इस पहल से जहाँ एक ओर किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति की दिशा में यह एक मजबूत कदम साबित होगा। यह चंदौली को कृषि आधारित उद्योगों का एक मॉडल जनपद बनाने की दिशा में निर्णायक प्रयास होगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद के प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए उसे सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया जाएगा। इस अवसर पर दर्शना सिंह ने केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को हार्दिक आभार प्रकट किया।