Chandauli News: रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबे एक ही परिवार के पांच लोग.
"घटना के बाद कुम्भकर्णी निद्रा से जागे धानापुर खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। पात्र लाभार्थियों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में दर्ज कर उन्हें आवास योजना का लाभ दिया जाएगा"
chandauli
3:03 PM, Oct 3, 2025
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गाँव में शुक्रवार की अलसुबह लगभग तीन बजे रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश के कारण मिट्टी का एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में कच्चे घर में सो रहे एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहाँ दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। संयोग अच्छा था कि समय पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और मलबे में दबे लोगों को मदद मिल गई। नहीं तो अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था।
विज्ञापन
पिछले दो दिन से जिले में रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार की सुबह कटवारू राम का कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया, जिसमें परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में शैलेन्द्र कुमार (30 वर्ष), राजदेई देवी (62 वर्ष), शुभम कुमार (12 वर्ष), नेहा (11 वर्ष) और दिव्यांश (4 वर्ष) घायल हैं। इनमें शैलेन्द्र कुमार और राजदेई देवी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। गांव के ही प्रत्यक्षदर्शी सुभाष राम ने बताया कि शुक्रवार भोर में उनके चाचा कटवारू राम का मिट्टी का कच्चा मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों को मलबे में दबा पाया। ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों ने बताया कि नौली गाँव में अभी भी लगभग आधा दर्जन परिवार कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं क्योंकि उन्हें अब तक सरकारी आवास नहीं मिल पाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा गरीबों को सरकारी आवास देने के निर्देशों के बावजूद योजनाओं के उन तक न पहुँचने पर चिंता व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि सरकारी आवास बने होते तो ऐसी घटना नहीं होती। इस संबंध में धानापुर खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। पात्र लाभार्थियों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में दर्ज कर उन्हें आवास योजना का लाभ दिया जाएगा।



