Chandauli News: रिटायर्ड फौजी ने मुगलसराय थाने में मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का लगाया आरोप, थाना प्रभारी लाइन हाजिर.
“मुगलसराय थाने में रिटायर्ड फौजी के साथ कथित मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाते हुए थाने की सीसीटीवी फुटेज की जांच और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में जातिसूचक टिप्पणी के आरोप की पुष्टि नहीं होने की बात कही गई है। मामले में थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।”
chandauli
3:42 PM, Aug 26, 2026
Share:


कार्रवाई की जानकारी देते अपर पुलिस अधीक्षक, मामले की जानकारी देता पीड़ित.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली में रिटायर्ड फौजी सुनील पटेल के साथ कथित मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। रिटायर्ड फौजी ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि थाने में उनके साथ बर्बरता से मारपीट की गई और जातिसूचक गालियां दी गईं। उन्होंने थाने की सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
सुनील पटेल का आरोप है कि एक महिला के मामले में पैरवी करने वह मुगलसराय थाने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मी से विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि मारपीट में उनकी दो-तीन हड्डियां टूटने की आशंका है। उन्होंने कहा कि चोट के अनुसार धाराएं लगाकर आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही 24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर जिला मुख्यालय के गेट पर आमरण अनशन करने की चेतावनी दी। मामले में पुलिस की ओर से बताया गया कि सोशल मीडिया पर सुनील पटेल का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर द्वारा प्रारंभिक जांच की गई। पुलिस के अनुसार सुनील पटेल एक महिला की मृत्यु के प्रकरण में पैरवी के लिए थाने पहुंचे थे। उन्हें पहले ही बताया गया था कि मामले में जांच चल रही है और जल्द विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने घटना के संबंध में बताया कि सुनील पटेल एक महिला की मृत्यु के प्रकरण में पैरवी के लिए थाने पहुंचे थे। उन्हें पहले ही बताया गया था कि मामले में जांच चल रही है और जल्द विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद उन्होंने थाने में अभद्र एवं आक्रामक व्यवहार करते हुए दबाव बनाने का प्रयास किया, जिसके चलते उन्हें धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरुद्ध किया गया। पुलिस के अनुसार इसी दौरान सुनील पटेल की नाक में चोट लगने से रक्तस्राव हुआ। प्रारंभिक जांच में उनके द्वारा लगाए गए जातिसूचक टिप्पणी के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही थाना मुगलसराय के थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे विधिक एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
