Chandauli News: आरपीएफ एएसआई के बेटे ने UPSC में हासिल की 50वीं रैंक, डीआरएम ने मां को किया सम्मानित.
"डीडीयू रेल मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे मंडल के लिए गर्व का विषय है। सहकर्मियों का कहना है कि अनमोल कुमारी ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बेटे की पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।"
chandauli
8:32 PM, Mar 7, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, वीडियो नगर, (चंदौली).
चंदौली। डीडीयू रेल मंडल में तैनात आरपीएफ की सहायक उप निरीक्षक अनमोल कुमारी के बेटे ईशित्व आनंद ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 50वीं रैंक हासिल कर परिवार और डीडीयू रेल मंडल का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से रेलकर्मियों में खुशी की लहर है और सभी ने उन्हें बधाई दी है। यूपीएससी में सफलता की खबर मिलते ही आरपीएफ के जवानों ने डीआरएम कार्यालय के बाहर ढ़ोल नगाड़ा बजाकर खुशी का इजहार किया।
ईशित्व आनंद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 50वीं रैंक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। उनके पिता निजी क्षेत्र में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र का निवासी है। परिवार के लोगों का कहना है कि ईशित्व बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और हमेशा कुछ अलग करने का सपना देखते थे।
विज्ञापन
ईशित्व की इस उपलब्धि पर डीडीयू नगर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने उनकी मां अनमोल कुमारी को अपने चेम्बर में पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और पूरे परिवार को बधाई दी। रेल मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे मंडल के लिए गर्व का विषय है। सहकर्मियों का कहना है कि अनमोल कुमारी ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बेटे की पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
ईशित्व आनंद की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर भी मौजूद रहे।
