Chandauli News: बालू लदे ट्रेलर ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, चालक समेत दो घायल.
"धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।"
chandauli
10:21 PM, May 16, 2026
Share:


ट्रेलर ट्रक टक्कर से सड़क के बीचो-बीच पलटा ट्रैक्टर सड़क जाम करते ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डिग्घी गांव के सामने शनिवार सुबह तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में पलट गया, जिससे चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार डिग्घी गांव निवासी 25 वर्षीय दिलीप अग्रहरि अपने साथी हरिवंश प्रजापति के साथ खेत से आंधी में गिरी सूखी लकड़ियां लेकर ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अमड़ा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने गांव के सामने ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में चालक दिलीप अग्रहरि और ट्रैक्टर पर सवार हरिवंश प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए कमालपुर स्थित निजी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
