Chandauli News: नहर किनारे मिली स्कूटी, युवक के डूबने की आशंका, गोताखोरों कि मदद से तलाश जारी.
"ग्रामीणों का कहना है कि कर्मनाशा नहर में इन दिनों पानी का बहाव तेज है, जिससे युवक के डूबने की आशंका और बढ़ गई है। पुलिस और ग्रामीण आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन में जुटे हुए हैं।"
chandauli
8:32 AM, Mar 13, 2026
Share:


नहर के पास मिली स्कूटी देखते ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: रतिश कुमार, शहाबगंज, (चंदौली).
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के तियरा गांव के पास गुरुवार देर शाम चकिया–चंदौली मार्ग पर लेफ्ट कर्मनाशा नहर किनारे एक बिना नंबर की स्कूटी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्कूटी का कुछ हिस्सा पानी में डूबा होने के कारण युवक के नहर में गिरने या कूदने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्कूटी में मिले कागजात के आधार पर युवक की पहचान सूर्य प्रकाश मौर्य (24) पुत्र जयप्रकाश मौर्य, निवासी चेरा के पूरा रैपुरिया, चुनार (मिर्जापुर) के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश शुरू कराई। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
विज्ञापन
शहाबगंज थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और गोताखोरों को लगाकर नहर में तलाश कराई जा रही है। परिजनों के आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। उधर घटना की खबर मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार युवक घर से बिना बताए निकल गया था और पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनाव में भी था।
