Chandauli News: डीडीयू जंक्शन पर बढ़ाई गई सुरक्षा, डॉग स्क्वायड के साथ अब ड्रोन कैमरे से निगरानी.
"डीडीयू आरपीएफ प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी बढ़ाई जाएगी।"
chandauli
8:22 PM, May 13, 2026
Share:


डीडीयू जंक्शन पर डॉग स्क्वायड की टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाते आरपीएफ जवान आरपीएफ जवान
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, (चंदौली).
चंदौली। चलती ट्रेनों में 24 घंटे के भीतर दो यात्रियों की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटनाओं के बाद डीडीयू रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्टेशन परिसर में डॉग स्क्वायड के साथ सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। वहीं अब स्टेशन और रेलवे यार्ड की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जाएगी। इसके लिए ड्रोन संचालन में प्रशिक्षित आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है।
मंगलवार को आरपीएफ जवानों ने डॉग स्क्वायड के साथ स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम, फुटओवर ब्रिज, कॉनकोर्स एरिया और यात्री हाल में गहन जांच अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों और सामानों की तलाशी ली गई तथा यात्रियों से किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल आरपीएफ को देने की अपील की गई। इसके अलावा सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल कार्यालय और पार्किंग क्षेत्र में भी सघन जांच की गई। डीडीयू स्टेशन की निगरानी को और मजबूत करने के लिए समस्तीपुर रेल मंडल से प्रशिक्षित दो आरपीएफ जवान विवेकानंद मौर्य और दिनेश गुप्ता की तैनाती की गई है। दोनों जवान ड्रोन संचालन और हवाई निगरानी में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। ये जवान न सिर्फ स्वयं ड्रोन उड़ाकर स्टेशन और रेलवे यार्ड की निगरानी करेंगे, बल्कि अन्य आरपीएफ कर्मियों को भी प्रशिक्षित करेंगे।
विज्ञापन
हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित डीडीयू स्टेशन देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है। यहां प्रतिदिन 300 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं और करीब 20 से 25 हजार यात्री यात्रा करते हैं। हाल ही में साइको किलर द्वारा चलती ट्रेनों में दो यात्रियों की हत्या और ट्रेन से उतरकर कमलापुर स्थित अस्पताल में भर्ती महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटनाओं के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ड्रोन कैमरों के जरिए बड़े रेलवे यार्ड, प्लेटफॉर्म और संवेदनशील क्षेत्रों पर एक साथ नजर रखना आसान होगा। खासकर रात के समय और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तेजी से की जा सकेगी।
डीडीयू आरपीएफ प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी बढ़ाई जाएगी। अभियान के दौरान एसआई राहुल कुमार राय, विजय बहादुर राम, एएसआई गौतम कुमार सिंह, आरक्षी संजय कुमार गोंड, अजय पाल, डॉग स्क्वायड एसआई जय सिंह यादव और वीरेंद्र यादव सहित अन्य आरपीएफ कर्मी मौजूद रहे।
