Chandauli News: नींव की खुदाई में मिला शिवलिंग, लगे हर हर महादेव के नारे.
Chandauli News: नींव की खुदाई में मिला शिवलिंग, लगे हर हर महादेव के नारे.
12:00 AM, Jul 27, 2025
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के धपरी गांव में शनिवार की शाम को कोट की जमीन से सटे सकलैन के आराजी नंबर पर भवन निर्माण कार्य के लिए नींव की खुदाई के दौरान शिवलिंग मिलने की सूचना जंगल की आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत शिवलिंग की सफाई कर पूजा-पाठ शुरू कर दिया।
मामला दो संप्रदायों का होने के कारण तत्काल मौके पर पीडीडीयू नगर के एसडीएम और सीओ अलीनगर पुलिस के साथ गांव में पहुंचे। शिवलिंग मिलने के बाद पूरा इलाका शिवमय हो गया। हर हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगने लगे, और लोग शिवलिंग पर गंगाजल और दूध अर्पित कर पूजा करने लगे।
जानकारी के अनुसार, धपरी गांव में सकलैन अपनी आराजी में निर्माण कार्य करवा रहा था। शनिवार की शाम मजदूर नींव की खुदाई कर रहे थे। अचानक उनके फावड़े का सिरा किसी पत्थर से टकराया। सावधानीपूर्वक जब खुदाई की गई, तो देखा कि वहां एक शिवलिंग पड़ा है। मजदूर ने सावधानी से शिवलिंग को बाहर निकाला।
विज्ञापन
खुदाई के दौरान शिवलिंग मिलने की चर्चा जंगल में आग की तरह पूरे गांव और आसपास के गांवों में फैल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शिवलिंग की सफाई की और बेलपत्र तथा गंगाजल डालकर पूजा करने लगे, जिससे दोनों समुदायों में तू-तू मैं-मैं होने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन कोट की है, जिस पर एक समुदाय का कब्जा है। सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों को समझाया और मौके पर मामला शांत कराया। दोनों पक्षों की बात सुनी और फिलहाल शिवलिंग को गांव के शिव मंदिर में रखवा कर खुद एसडीएम और सीओ ने जलाभिषेक किया। एसडीएम अनुपम मिश्र ने फोन पर बताया कि हम लोग मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद ही इस मामले में कोई निर्णय आ पाएगा।



