Chandauli News: प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते दुकानदार गिरफ्तार, वाराणसी से सप्लाई की बात आई सामने.
"बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा से दुर्घटनाएं और जानलेवा घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए ऐसे मामलों में कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।"
chandauli
8:11 PM, Feb 8, 2026
Share:


बलुआ पुलिस की गिरफ्त में दुकानदार, बरामद चाइनीस मांझा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा के अवैध कारोबार के खिलाफ बलुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर 4.745 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया, जो आमजन और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा माना जाता है। बलुआ थाना प्रभारी को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खंडवारी, चहनियां स्थित न्यू जय मां काली 99 प्लास्टिक एवं जनरल स्टोर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके से आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान रामाश्रय कुमार पुत्र पन्नालाल कुशवाहा, निवासी ग्राम रमौली, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मौजूदा मौसम में चाइनीज मांझा की मांग अधिक होने के कारण वह इसे बेचकर अच्छा मुनाफा कमा रहा था। उसने यह भी बताया कि मांझा उसे वाराणसी से उपलब्ध कराया जाता था, हालांकि सप्लायर का नाम-पता वह नहीं बता सका।
विज्ञापन
इस मामले में थाना बलुआ पर धारा 293/125/223 बीएनएस तथा 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उप निरीक्षक जमीलुद्दीन खान, रामबिहारी सिंह, अमरनाथ साहनी, कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा और कृष्णकांत राय शामिल रहे।
