Chandauli News: जल निगम की टंकी से चोरी हुए सोलर पैनल बरामद, तीन गिरफ्तार.
"सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि चोरी के बाद पैनलों को एक अर्धनिर्मित मकान में छिपा दिया गया था और बाद में उन्हें नाव के जरिए गंगा पार ले जाकर बेचने की तैयारी थी। हालांकि पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।"
chandauli
8:09 PM, Apr 7, 2026
Share:


धानापुर थाने में मामले का खुलासा करते को सकलडीहा स्नेहा तिवारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By:पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में जल निगम की टंकी से चोरी हुए सोलर पैनलों के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 सोलर पैनल, चार मोबाइल फोन और 1800 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बताया गया कि ग्राम तोरवां स्थित जल निगम की टंकी से 11 फरवरी 2026 को अज्ञात चोरों ने 10 सोलर पैनल चोरी कर लिए थे। इस संबंध में शुभम कुमार उपाध्याय की तहरीर पर थाना धानापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर जांच-पड़ताल की जा रही थी।
विज्ञापन
इसी क्रम में 6 अप्रैल को पुलिस ने मेढ़वा गांव के पास गंगा किनारे से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सोलर पैनल सस्ते दाम पर बेचने के लिए योजना बनाकर चोरी की थी। इसके लिए आपस में सौदा तय किया गया था और कुछ रकम एडवांस के रूप में ऑनलाइन भी ली गई थी। पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद पैनलों को एक अर्धनिर्मित मकान में छिपा दिया गया था और बाद में उन्हें नाव के जरिए गंगा पार ले जाकर बेचने की तैयारी थी। हालांकि पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रमोद यादव, अजय यादव और रवि यादव शामिल हैं, जो गाजीपुर जनपद के निवासी बताए गए हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय कुमार ओझा, देवेन्द्र राय सहित अन्य पुलिसकर्मी और सर्विलांस टीम शामिल रही।
