Chandauli News: मां को इलाज के लिए ले जा रहा था बेटा, रास्ते में हादसे ने छीन ली जिंदगी, सड़क पर गिरकर महिला की मौत.
“चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बिखरी गिट्टी के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक पर सवार 65 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। बेटा अपनी मां को उपचार के लिए मुगलसराय लेकर जा रहा था। घटना के बाद शहाबगंज कस्बे में मातम पसरा है।”
chandauli
3:25 PM, Nov 11, 2026
Share:


मौके पर पहुंची पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : अजीत जायसवाल, बबूरी, चंदौली.
चंदौली। मां को बीमारी से राहत दिलाने और बेहतर उपचार कराने की उम्मीद लेकर निकले बेटे को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा, जो उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगा। बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कूड़ा गांव के पास सड़क किनारे बिखरी गिट्टी के नजदीक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठी 65 वर्षीय केवला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे जितेंद्र सोनकर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शहाबगंज कस्बा निवासी जितेंद्र सोनकर बुधवार को अपनी मां केवला देवी को दवा और उपचार के लिए बाइक से मुगलसराय ले जा रहे थे। दोनों अभी बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कूड़ा गांव के समीप पहुंचे थे कि सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक समेत मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान केवला देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं जितेंद्र भी घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल जितेंद्र को उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की। पुलिस ने केवला देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, हादसे की खबर जैसे ही शहाबगंज कस्बे में पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। जिस मां को बेटा स्वस्थ होने की उम्मीद में इलाज के लिए लेकर निकला था, वह रास्ते में ही हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गईं। घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और पूरे कस्बे में शोक का माहौल है।


