Chandauli News: हाईवे किनारे अवैध पार्किंग पर सख्त हुए एसपी, ढाबा संचालकों को नोटिस.
" पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जनपद पुलिस लगातार अभियान चलाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
10:18 PM, May 26, 2026
Share:


हाईवे किनारे दुकानदार को चेतावनी देते पुलिस अधीक्षक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। यूपी-बिहार बॉर्डर से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर अब चंदौली पुलिस सख्त नजर आ रही है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल खुद सड़क पर उतरे और अधिकारियों के साथ नौबतपुर इलाके में हाईवे का निरीक्षण कर अवैध पार्किंग और ढाबों के बाहर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कराई। इस दौरान कई ढाबा संचालकों को नोटिस थमाया गया, जबकि दर्जनों वाहनों का ई-चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक चंदौली, थानाध्यक्ष सैयदराजा और यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ यूपी-बिहार बॉर्डर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान हाईवे किनारे कई ढाबों और दुकानों के सामने ट्रक व भारी वाहन अवैध तरीके से खड़े मिले। पुलिस ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी आकाश पटेल ने मौके पर ही ढाबा संचालकों और दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा कराना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में अवैध पार्किंग के कारण कोई सड़क हादसा होता है तो वाहन चालक के साथ संबंधित ढाबा या दुकान मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
अभियान के दौरान पुलिस ने कई वाहनों का ई-चालान किया और संबंधित संचालकों को लिखित नोटिस देकर दोबारा गलती न दोहराने की हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले के सभी प्रमुख मार्गों और हाईवे किनारे संचालित ढाबों पर इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। एसपी ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जनपद पुलिस लगातार अभियान चलाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
