Chandauli News: सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने डिप्टी सीएम केशव मोर को लेकर दिया बड़ा बयान.
“चंदौली पहुंचे सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने SIR और मतदाता अधिकार के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने 6 अक्टूबर को सपा सांसदों के दिल्ली मार्च और चुनाव आयोग तक जाने की बात कही। सांसद ने 2027 के लिए सभी 403 सीटों पर तैयारी का दावा किया।”
chandauli
10:28 AM, Oct 3, 2026
Share:


प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान बोलते
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संतोष, ब्यूरो हेड, पूर्वांचल भास्कर.
चंदौली। समाजवादी पार्टी के सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह शुक्रवार को मुगलसराय पहुंचे। उन्होंने 7 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध मार्च को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए और SIR, मतदाता अधिकार, चुनाव आयोग, केंद्र सरकार तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
सपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक सड़क पर संघर्ष के लिए तैयार है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर 6 अक्टूबर को पार्टी के सभी सांसद दिल्ली में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि सांसद महात्मा गांधी की मूर्ति और अंबेडकर पार्क से होते हुए चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे। उनके अनुसार ज्ञापन के जरिए चुनाव आयोग से इस्तीफा देने और कुर्सी खाली करने की मांग की जाएगी। SIR और मतदाता अधिकार के मुद्दे पर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता अब अपने वोट के अधिकार को लेकर सड़क पर आ गई है। उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम होने को नागरिक के अस्तित्व और मतदान के अधिकार से जोड़ते हुए सरकार पर इस अधिकार को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाया।
सांसद ने आधार कार्ड को नागरिकता साबित करने वाला दस्तावेज न माने जाने का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाता पहचान नागरिक होने के अधिकार से जुड़ी है। उन्होंने चंदौली में SIR के Form-6 को लेकर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि एक-एक व्यक्ति द्वारा सैकड़ों फॉर्म भरकर लोगों को वोटर लिस्ट से वंचित करने की कोशिश की गई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कोई सॉफ्टवेयर यह कैसे तय करेगा कि देश का मतदाता कौन होगा और कौन नहीं। मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी को लेकर भी सपा सांसद ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कानून के जरिए इलेक्शन कमिश्नर को गिरफ्तारी से इम्यूनिटी दी गई है। सांसद ने कहा कि जनता जागेगी तो इस्तीफा देना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यदि वे सरकारी गवाह बनते हैं तो इसकी आंच प्रधानमंत्री तक जाएगी और प्रधानमंत्री को जवाब देना पड़ेगा।
विज्ञापन
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए वीरेंद्र सिंह ने महंगाई, कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए। आर्थिक नीति, डॉलर के बढ़ते दाम और विदेश नीति को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस के साथ चुनावी तालमेल को लेकर उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन देश के चुनाव के लिए बनाया गया था। उत्तर प्रदेश में सीटों की स्थिति अभी तय नहीं हुई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व आगे फैसला करेगा। फिलहाल समाजवादी पार्टी अपने प्रत्याशियों को जिताने की तैयारी करेगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के सपा पर दिए बयान पर पलटवार करते हुए वीरेंद्र सिंह ने कहा कि केशव मौर्य के दिल्ली जाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि संभवतः दो-चार दिन में भाजपा की सूची आ सकती है।मायावती के बयानों पर सपा सांसद ने कहा कि वह वरिष्ठ नेता हैं और उनके बयानों का जवाब राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव देंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मायावती का सम्मान करते हैं, इसलिए पार्टी कार्यकर्ता भी उनके सम्मान के खिलाफ कोई बात नहीं करेंगे।
विमान हादसे से जुड़े सवाल पर वीरेंद्र सिंह ने भारतीय पायलटों की बहादुरी की सराहना की और कहा कि समाजवादी पार्टी भारतीय पायलटों का पूरे दिल से सम्मान करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का अपना एक स्टाइल है और जब कहीं फंसते हैं तो चुप रहते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर सपा सांसद ने कहा कि पार्टी की कोई अलग रणनीति नहीं है। कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेश का पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है और हर सीट पर पार्टी को जिताने का प्रयास किया जाएगा।


