Chandauli News: काशीराम जयंती पर सपा का पीडीए कार्यक्रम, सांसद वीरेंद्र सिंह ने सरकार पर साधा निशाना.
"सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि काशीराम ने देश में सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि सरकार को उनके योगदान का सम्मान करते हुए भारत रत्न देना चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि यदि समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो सबसे पहले काशीराम को भारत रत्न देने का काम किया जाएगा।"
chandauli
10:40 AM, Mar 16, 2026
Share:


जिला मुख्यालय स्थित सपा कार्यालय में मीडिया के सवालों का जवाब देते सपा सांसद वीरेंद्र सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संतोष, ब्यूरो हेड, पूर्वांचल भास्कर.
चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में रविवार को बसपा संस्थापक काशीराम की जयंती के अवसर पर पीडीए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चंदौली के सांसद व सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने काशीराम के योगदान को याद करते हुए उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठाई और विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि काशीराम ने देश में सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि सरकार को उनके योगदान का सम्मान करते हुए भारत रत्न देना चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि यदि समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो सबसे पहले काशीराम को भारत रत्न देने का काम किया जाएगा। यूपी पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा में सवाल के विकल्प में “पंडित” शब्द के इस्तेमाल को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी खुद भ्रम की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली बनाम लखनऊ की लड़ाई है और प्रदेश की राजनीति में कई तरह के अंतर्विरोध सामने आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में ब्राह्मण समाज हमेशा से जागरूक, चिंतनशील और दिशा देने वाला समाज रहा है।
विज्ञापन
एलपीजी गैस की किल्लत के मुद्दे पर भी सपा सांसद ने केंद्र सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से लोग प्रधानमंत्री से इस समस्या का समाधान बताने की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि कोई ऐसी तकनीक है जिससे गैस की समस्या दूर हो सकती है, तो उसे देश के सामने लाया जाना चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके। कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने काशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री संतोष यादव, पूर्व सपा विधायक सैयदराजा मनोज सिंह डब्लू, पूर्व चकिया विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
