Chandauli News: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सपा का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट में फूंका पुतला, पुलिस से हुई छीना-झपटी.
“चंदौली जिला मुख्यालय पर सपा और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट परिसर में पुतला फूंकने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच छीना-झपटी हुई। सपा नेताओं ने उन्हें हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।”
chandauli
11:15 PM, Oct 7, 2026
Share:


कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम के चेम्बर के पास मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूकते सपा कार्यकर्ता
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो चंदौली.
चंदौली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुधवार को समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर काफी देर तक छीना-झपटी और हंगामा होता रहा।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के साथ धरना स्थल पर भी पुतला फूंका गया। तीसरी बार पुतला फूंकने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और छीना-झपटी हुई। प्रदर्शन पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था। सपा नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर अपर जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य मताधिकार को लेकर उठाए जा रहे सवालों के खिलाफ आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त को बर्खास्त किए जाने तक समाजवादी पार्टी आंदोलन जारी रखेगी।
विज्ञापन
सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पहले से निर्धारित था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जनगण मन का गायन, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया। सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि यदि भाजपा और चुनाव आयोग जनता को मिले मताधिकार से वंचित करने से बाज नहीं आते हैं तो चंदौली की सड़कों पर बड़ी लड़ाई लड़ी जाएगी। वहीं पूर्व सांसद रामकिसून ने इसे चुनाव आयोग की कथित गलतियों और अवैधानिक कार्यों के खिलाफ जनआंदोलन बताया। प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूर्व सांसद रामकिसून सहित इंडिया गठबंधन के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


