Chandauli News: एसपी ने कहा, सावन में शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए पग-पग पर तैनात रहेगी पुलिस.
"सावन माह को लेकर एसपी आकाश पटेल ने कालेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, ट्रैफिक प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।”
chandauli
8:45 PM, Jul 17, 2026
Share:


सावन के मेले को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश देते पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। आगामी 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा और 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को चतुर्भुजपुर स्थित स्वयंभू कालेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भोजापुर और सकलडीहा रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सावन के दौरान ट्रेनों को काशन (सावधानी) पर संचालित कराने के लिए विभागीय पत्राचार करने के निर्देश भी दिए।
एसपी ने मंदिर परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यातायात प्रभारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में पहुंचने वाले कांवड़ियों और शिवभक्तों की सुविधा के लिए यातायात सुचारु रखा जाए। एसपी ने कहा कि पूरे सावन माह में सादे कपड़ों और वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मंदिर परिसर के आसपास मांस, मछली और मुर्गा की दुकानों के संचालन पर भी रोक रहेगी।
विज्ञापन
सावन माह में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए बलुआ घाट से चतुर्भुजपुर स्थित कालेश्वर महादेव मंदिर मार्ग तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। नईबाजार से मंदिर तिराहे की ओर आने वाले भारी वाहनों को नईबाजार से ही डायवर्ट किया जाएगा। इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्षेत्राधिकारी, यातायात प्रभारी एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।



