Chandauli News: तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक व राहगीर को मारी टक्कर, बीडीसी सदस्य समेत तीन घायल.
“सकलडीहा-कमालपुर मार्ग पर इनायतपुर गांव के पास तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बीडीसी सदस्य समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।”
chandauli
7:28 PM, Jul 24, 2026
Share:


अस्पताल में भर्ती घायल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सकलडीहा-कमालपुर मार्ग पर इनायतपुर गांव के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से बाइक सवार बीडीसी सदस्य समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसका काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। घटना के बाद परिजनों ने कमालपुर चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कमालपुर निवासी 43 वर्षीय इमरान अहमद, जो बीडीसी सदस्य हैं, अपने बड़े पिता के पुत्र 52 वर्षीय इमामुद्दीन को बस पकड़वाने के लिए सकलडीहा जा रहे थे। इनायतपुर गांव के पास उनकी मुलाकात अकबर अली से हुई, जिस पर उन्होंने बाइक रोककर सड़क किनारे बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान सकलडीहा की ओर से तेज गति से आए ऑटो ने बाइक और सड़क किनारे खड़े तीनों लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने घायलों को सरकारी एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद इमरान अहमद और इमामुद्दीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं अकबर अली का भी उपचार कराया गया। कमालपुर चौकी प्रभारी जयकरन सरोज ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है। फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
