Chandauli News: आंधी-तूफान का कहर, तीन की मौत, दर्जनों गांवों में 24 घंटे से बिजली व्यवस्था ध्वस्त.
"ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र बिजली बहाल कराने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।"
chandauli
9:50 PM, May 14, 2026
Share:


संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया में अपने भर्ती मरीज को देखते परिजन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, (चंदौली).
चंदौली। चकिया तहसील क्षेत्र में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। चक्रवाती तूफान की चपेट में आने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्राकृतिक आपदा के चलते दर्जनों गांवों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है और बीते 24 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। तूफान के दौरान कई स्थानों पर पेड़, बिजली के पोल और तार टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने पूरी रात अंधेरे में गुजारी। तेज हवाओं के कारण कई घरों की छतें और टीनशेड भी क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार करवदिया गांव में तेज हवा के चलते एक पेड़ की भारी डाल मकान की छत पर गिर गई। छत का मलबा कमरे में गिरने से घर के अंदर मौजूद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं शिकारगंज क्षेत्र में तूफान के दौरान एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी निशा गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला और जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया।
विज्ञापन
अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। जिला संयुक्त चिकित्सालय में अन्य घायलों का उपचार जारी है।



