Chandauli News: महाशिवरात्रि मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन और CCTV से चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर.
"एसडीएम कुंदन राज कपूर और सीओ स्नेहा तिवारी ने बताया कि महाशिवरात्रि मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
chandauli
8:50 PM, Feb 10, 2026
Share:


महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर चतुर्भुजपुर स्थित स्वयंभू बाबा कालेश्वरनाथ मंदिर परिसर में जानकारी लेते एसडीएम और सीओ।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा कस्बा एवं चतुर्भुजपुर स्थित स्वयंभू बाबा कालेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महाशिवरात्रि के दिन जलाभिषेक और शिव बारात के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई है। मंगलवार को एसडीएम कुंदन राज कपूर एवं सीओ स्नेहा तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट, वाराणसी से संबद्ध चतुर्भुजपुर स्थित स्वयंभू बाबा कालेश्वरनाथ मंदिर अति प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां तीन दिवसीय मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा सकलडीहा के महेश्वर मंदिर से भव्य शिव बारात आकर्षक झांकियों और गाजे-बाजे के साथ निकाली जाती है। बैठक के दौरान एसडीएम और सीओ ने पीडब्ल्यूडी, पंचायत, बिजली विभाग एवं रेलवे पुलिस के अधिकारियों के साथ संभावित भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों को मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में बैरिकेडिंग, शौचालय, खोया-पाया केंद्र, स्थायी कंट्रोल रूम, निर्बाध बिजली आपूर्ति और मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
प्रशासन ने निर्णय लिया कि मंदिर गर्भगृह से लेकर बाहर कतार में लगे श्रद्धालुओं तक की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। साथ ही पूरे मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर की ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को लेकर स्पष्ट किया गया कि श्रद्धालुओं को केवल रेलवे क्रॉसिंग और फुट ओवरब्रिज का ही उपयोग करना होगा। मंदिर की ओर चार पहिया और दो पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जिससे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसडीएम कुंदन राज कपूर और सीओ स्नेहा तिवारी ने बताया कि महाशिवरात्रि मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर बीडीओ विजय कुमार सिंह, एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय, थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद, ग्राम प्रधान अरविंद यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और महाशिवरात्रि मेला समिति के सदस्य मौजूद रहे।
