Chandauli News: विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज.
“अलीनगर थाना क्षेत्र के कचमन गांव में 23 वर्षीय विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।”
chandauli
8:22 PM, Jul 26, 2026
Share:


मृतका रोशनी की फाइल फोटो।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कचमन गांव में शनिवार देर रात 23 वर्षीय विवाहिता रोशनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, रोशनी की शादी वर्ष 2023 में झांसी निवासी कपिल देव प्रसाद की पुत्री के रूप में कचमन गांव निवासी राहुल कुमार से हुई थी। दंपती का 11 माह का एक बेटा भी है। बताया गया कि शनिवार शाम राहुल ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। बिजली न होने के कारण राहुल अपने बेटे को लेकर छत पर सोने चला गया, जबकि रोशनी ने बाद में आने की बात कही। कुछ देर बाद राहुल नीचे आया तो उसने पत्नी को कमरे में फंदे से लटका देखा। परिजन उसे तत्काल मुगलसराय के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
घटना की सूचना पर अलीनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति राहुल कुमार समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है।
