Chandauli News: झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे सफाईकर्मी, बकाया वेतन और 51 दिन के दिवाली बोनस की मांग, मनोज सिंह डब्लू ने दी आंदोलन की चेतावनी.
“सैयदराजा नगर पंचायत के सफाईकर्मियों ने कथित दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और बकाया वेतन नहीं मिलने से नाराज होकर पैदल मार्च किया। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पहुंचकर कर्मियों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिस पर उन्होंने जिलाधिकारी के सामने मामला उठाने और भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।”
chandauli
10:08 PM, Oct 31, 2026
Share:


वेतन और बोनस की मांग को लेकर प्रदर्शन करते सफाईकर्मी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। सैयदराजा नगर पंचायत के सफाईकर्मी बकाया वेतन, दिवाली बोनस और कथित दुर्व्यवहार से नाराज होकर झाड़ू लेकर सड़क पर उतर आए। महिला और पुरुष सफाईकर्मियों ने नगर में पैदल मार्च किया और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। कर्मचारियों ने नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों पर बात-बात में गाली-गलौज तथा अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि लंबे समय से बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है और दिवाली का बोनस भी रोक दिया गया है। सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया।
इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने सफाईकर्मियों की समस्याओं को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और जिलाधिकारी के संज्ञान में लाने की बात कही। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि सफाईकर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार बंद कराया जाए। साथ ही बकाया वेतन का भुगतान समय से करने के साथ 51 दिन का दिवाली बोनस त्योहार से पहले देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने वाले कर्मचारियों की दिवाली भी खुशियों से रोशन होनी चाहिए। इसके अलावा सफाईकर्मियों को पीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
विज्ञापन
मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि समय पर वेतन और सम्मान सफाईकर्मियों का अधिकार है, लेकिन उन्हें अपने ही वेतन के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दिवाली तक सफाईकर्मियों के वेतन और बोनस का भुगतान नहीं हुआ तो उनके हक की लड़ाई सड़क पर लड़ी जाएगी। साथ ही आवास परिसर में मौजूद कर्मचारियों को जल्द वेतन दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई।



