Chandauli News: फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर युवकों से करता था ठगी, सैयदराजा पुलिस ने दबोचा.
"पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान प्रोफाइल से सावधानी बरतें और किसी भी व्यक्ति के कहने पर बिना सत्यापन के ऑनलाइन धनराशि स्थानांतरित न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।"
chandauli
11:27 AM, Jun 16, 2026
Share:


सैयदराजा पुलिस के गिरफ्त में आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : अरविंद कुमार, सैयदराजा, (चंदौली).
चंदौली। सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने और उनसे छोटी-छोटी रकम ऐंठने वाले एक युवक को सैयदराजा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और तीन संदिग्ध आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही कुंभापुर गांव निवासी अभय वर्मा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एक व्यक्ति की शिकायत पर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान जब पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की तकनीकी पड़ताल की तो कई ई-मेल आईडी और इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित होने के साक्ष्य मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर महिला के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों से संपर्क करता था। बातचीत के दौरान वह दोस्ती, सहानुभूति, बीमारी, मोबाइल खराब होने या आर्थिक तंगी जैसी बातें बताकर लोगों का विश्वास जीतता और फिर उनसे ऑनलाइन धनराशि मंगवाता था। पुलिस को बैंक खातों की जांच में भी विभिन्न व्यक्तियों से छोटी-छोटी रकम जमा होने के संकेत मिले हैं।
विज्ञापन
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करता था और प्राप्त धनराशि को अपने निजी खर्चों में उपयोग करता था। पुलिस का कहना है कि बरामद आधार कार्डों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इनका इस्तेमाल वास्तविक पहचान छिपाने के उद्देश्य से किए जाने की आशंका है। सैयदराजा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान प्रोफाइल से सावधानी बरतें और किसी भी व्यक्ति के कहने पर बिना सत्यापन के ऑनलाइन धनराशि स्थानांतरित न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
