Chandauli News: रिंग रोड पर टैंकर पिकअप की भिड़ंत, केबिन में फंसा चालक, चलाया गया रेस्क्यू अभियान.
"स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने और गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है।"
chandauli
5:22 PM, Feb 22, 2026
Share:


टैंकर से टक्कर लगने के बाद पिकअप के केबिन में फंसा चालक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कोरी गांव के पास रिंग रोड ओवरब्रिज पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने हुई टक्कर में पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, चित्रकूट निवासी 35 वर्षीय शत्रुघ्न सिंह पिकअप से मुजफ्फरपुर से प्लाईवुड लादकर वाराणसी की ओर जा रहे थे। वहीं अलीनगर निवासी 34 वर्षीय डब्लू चौहान तेल टैंकर लेकर आजमगढ़ से खाली होकर डिपो लौट रहे थे। कोरी गांव के समीप ओवरब्रिज पर दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक अंदर ही फंस गया। टैंकर चालक और खलासी शिव कुमार (35 वर्ष) को हल्की चोटें आईं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया और जेसीबी की सहायता से पिकअप का केबिन काटकर घायल चालक को बाहर निकाला।
विज्ञापन
तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद टैंकर चालक और खलासी को छुट्टी दे दी गई। पिकअप चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।घटना के बाद कुछ देर तक रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने और गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है।
