Chandauli News: चोरों की योजना पर भारी पड़ी तकनीक, जीपीएस लॉक से दबोचा गया चोर.
"मुगलसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और फरार चोर की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय कर दी गई है।"
chandauli
10:13 PM, Jan 19, 2026
Share:


एआई तस्वीर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार रात चोरी की वारदात उस वक्त उलटी पड़ गई, जब घर के मालिक की सूझबूझ और तकनीक के इस्तेमाल से एक चोर मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। कबीरपुर गांव निवासी महेंद्र चौधरी, जो मूल रूप से गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं, अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे दो चोरों ने घर के बाहर लगे ताले को तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने एक कमरे की अलमारी से सोने की चेन, अंगूठी, पायल सहित लगभग एक लाख रुपये के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद समेट लिए।
चोरी को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो लेकर फरार होने लगे। इसी बीच महेंद्र चौधरी के बेटे अभिनव की नींद खुल गई। बाहर संदिग्ध गतिविधि देख उसने तत्काल मोबाइल के जरिए जीपीएस सिस्टम से स्कॉर्पियो को लॉक कर दिया। अचानक गाड़ी लॉक होते ही चोर घबरा गए। एक आरोपी तुरंत गाड़ी से कूदकर भागने में सफल हो गया, लेकिन दूसरा स्कॉर्पियो के अंदर ही फंस गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और गाड़ी में बंद चोर को पकड़ लिया। लोगों ने उसे काबू में कर पुलिस को सूचना दी।
डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए चोर को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। देर शाम तक मामले में विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया चलती रही।इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और फरार चोर की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय कर दी गई है।
विज्ञापन
